एआइ से टेलीकॉम सेक्टर में बड़े बदलाव
आज दूरसंचार क्रांति ने मोबाइल बैंकिंग, ऑनलाइन पढ़ाई, डिजिटल स्वास्थ्य सेवा और इंटरनेट मीडिया जैसे क्षेत्रों में अभूतपूर्व परिवर्तन लाए हैं। अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) के व्यापक इस्तेमाल से यह क्रांति एक नए चरण में प्रवेश करने जा रही है। एआइ से टेलीकॉम सेक्टर की तकनीक सिर्फ तेज ही नहीं, बल्कि अधिक समझदार और भरोसेमंद भी बनेगी।

एआइ के मुख्य लाभ
- कॉल ड्रॉप में कमी
- तेज व स्थिर इंटरनेट गति
- स्पैम व फ्रॉड कॉल की रोकथाम
- ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर नेटवर्क कवरेज
- व्यक्तिगत जरूरतों के अनुरूप सेवाएं
भारत मंडपम में इंडिया एआइ इंपैक्ट समिट- 2026
नई दिल्ली के भारत मंडपम में चल रही इंडिया एआइ इंपैक्ट समिट- 2026 में दूरसंचार क्षेत्र में एआइ के संभावित बदलावों का संकेत मिल रहा है। सेल्यूलर सेवा प्रदाता कंपनियों के संगठन सीओएआइ, दूरसंचार विभाग व सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क ऑफ़ इंडिया (एसटीपीआइ) के सहयोग से हुए सत्रों में यह स्पष्ट किया गया कि भविष्य का दूरसंचार नेटवर्क सिर्फ कनेक्टिविटी देने का माध्यम नहीं रहेगा, बल्कि एआइ के एक मजबूत प्लेटफार्म के रूप में कार्य करेगा।
सीओएआइ के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) एसपी कोचर ने कहा, ‘दूरसंचार नेटवर्क एआइ-संचालित भारत की रीढ़ है। जैसे-जैसे एआइ विभिन्न क्षेत्रों में विस्तार कर रहा है, दूरसंचार अवसंरचना स्वयं एआइ-नेटिव और बुद्धिमान प्लेटफार्म में विकसित होगी, जो सुरक्षित, सुदृढ़ एवं समावेशी डिजिटल विकास को सक्षम बनाएगी।’ दूरसंचार कंपनियों के लिए एआइ आधारित नेटवर्क इंटेलिजेंस के माध्यम से स्पैम, धोखाधड़ी व दुर्भावनापूर्ण संचार की पहचान व उनको रोकना प्राथमिकता है।
ग्राहकों को लाभ और भविष्य की योजनाएं
एआइ की मदद से नेटवर्क खुद-ब-खुद ट्रैफिक को संतुलित कर सकेंगे, तकनीकी खराबी का पहले से अनुमान लगाकर उसे ठीक कर सकेंगे और उपभोक्ताओं को बेहतर गुणवत्ता वाली सेवा दे सकेंगे। इसका सीधा लाभ आम ग्राहकों को कम कॉल ड्रॉप, बढ़ी हुई डाटा स्पीड और अधिक सुरक्षित डिजिटल वातावरण के रूप में मिलेगा। केंद्रीय संचार राज्य मंत्री डॉ. पेम्मासानी चंद्रशेखर ने बताया कि सरकार 5G के बाद भविष्य की 6G तकनीक और डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है, जो भारत की एआइ महत्वाकांक्षाओं की बुनियाद है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)
एआइ टेलीकॉम सेक्टर को कैसे बदल रहा है?
एआइ से नेटवर्क अधिक समझदार, तेज और भरोसेमंद बनेंगे। यह कॉल ड्रॉप कम करने, इंटरनेट गति बढ़ाने, स्पैम रोकने और बेहतर कवरेज देने में मदद करेगा।
स्पैम और फ्रॉड कॉल रोकने में एआइ की क्या भूमिका है?
एआइ आधारित नेटवर्क इंटेलिजेंस के माध्यम से दूरसंचार कंपनियां स्पैम, धोखाधड़ी व दुर्भावनापूर्ण संचार की पहचान कर उन्हें रोक सकेंगी, जिससे ग्राहकों को अधिक सुरक्षित डिजिटल वातावरण मिलेगा।
भारत सरकार की टेलीकॉम में एआइ को लेकर क्या योजनाएं हैं?
सरकार 5G के बाद 6G तकनीक और डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने पर काम कर रही है, ताकि भारत की एआइ महत्वाकांक्षाओं को एक मजबूत और सुरक्षित दूरसंचार ढांचा मिल सके।